बांसी ब्लॉक के बसंतपुर ग्राम पंचायत का मामला
ग्राम पंचायत के संचालन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। ब्लॉक क्षेत्र के बसंतपुर ग्राम पंचायत के प्रधान पर सरकारी धन का वित्तीय अनियमितता किए जाने की जांच में आरोप की पुष्टि पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है। विकास कार्य अवरुद्ध न हो के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने तीन सदस्यों की कमेटी गठित करने का आदेश दे दिया।
ग्राम सभा में सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर तीन जनवरी 2023 को बसंतपुर गांव निवासी धर्मचंद्र त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। जिसके लिए जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं सांख्यिकीय अधिकारी को जांच की सौंपा था। जांच अधिकारी द्वारा जांच आख्या सौंपने के बाद शिकायतकर्ता द्वारा जांच अधिकारी बदलने का अनुरोध किया। जांच अधिकारी परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की जांच आख्या में अनियमितता की पुष्टि के आधार पर जिलाधिकारी ने प्रधान माधुरी देवी के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाकर तीन सदस्यों की कमेटी बनाने का आदेश दे दिया। शिकायतकर्ता ने शिकायती पत्र के माध्यम से कुल नौ बिंदुओं पर जांच की मांग की थी। सामुदायिक शौचालय, व्यक्तिगत शौचालय, पंचायत भवन की मरम्मत, भवन में शौचालय, बाउंड्रीवाल, कूपों की मरम्मत, हैंडपंप रीबोर व मरम्मत, सफाई किट, स्वच्छता सामग्री, चबूतरों का निर्माण आदि में हुई वित्तीय अनियमितता के जांच की मांग की गई थी। हालांकि इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा नियमावली के नियम -5 के अधीन अंतिम जांच के लिए जिला विकास अधिकारी को जांच अधिकारी नामित करते हुए स्पष्ट जांच आख्या प्रस्तुत करने का आदेश भी दे दिया है।