संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। इटवा में रविवार रात तेज हवा और हवा बारिश से 200 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। करहिया पुल के पहले स्थित पेट्रोल पंप के पास पेड़ गिरने से कई विद्युत खंभे टूट गए हैं। खुनियांव विद्युत उपकेंद्र के अधिकांश गांवों तरहर विद्युत उपकेंद्र ,कठौतिया विद्युत उपकेंद्र के गांवों व पचमोहनी स्थित उपकेंद्र के गांवों सहित फूलपुर, संग्रामपुर व कठेला क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।
सोमवार को करीब 20 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस कारण घरों में इन्वर्टर बंद हो गए। क्षेत्र में काफी संख्या में मोबाइल बंद हो गए। घरों में पानी की टंकियों में पानी नहीं भरा जा सका, इस कारण दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
मामूली हवाओं से विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है, रविवार की रात तेज आंधी थी, शीघ्र आपूर्ति बहाल होने की संभावना कम है, इनवर्टर भी बंद होने से घरों में अंधेरा छा गया है।
राजेंद्र चौधरी, चौखड़िया
इस भीषण गर्मी में सभी उपभोक्ता लो वोल्टेज के चलते वैसे ही परेशान थे, रविवार की रात आई आंधी ने विद्युत आपूर्ति बाधित कर दिया है। आपूर्ति कब बहाल होगी, इसका ठिकाना नहीं है।
अलीम, मदरहवा
-
बारिश और तेज आंधी के कारण पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। बिजली कर्मचारियों ने दिनभर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की। देर शाम तक प्रभावित हुए आधे क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
एसएके पासवान, अधीक्षण अभियंता