बुधवार की सुबह हवा के साथ हुई हल्की बारिश ने बिजली और संचार सेवा को ध्वस्त कर दिया। करीब नौ घंटों तक नगर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बीएसएनएल का नेटवर्क भी ठप रहा। बिजली और संचार दोनों सेवाओं के ठप होने से उपभोक्ता हलकान रहे। देर शाम साढ़े पांच बजे आपूर्ति सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
सुबह करीब साढ़े सात बजे हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद से ही बिजली गुल हो गई। लोग कटौती का कारण जानना चाहे लेकिन बीएसएनएल का नेटवर्क न होने से सफलता नहीं मिल सकी। परेशानहाल लोग विभाग के जिम्मेदारों को कोसते रहे। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के रुख को लेकर भी लोगों में नाराजगी रही। उनका कहना था कि हल्की बारिश के कारण घंटों तक बिजली गुल होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। क्षेत्र के रमेश, व्यवसायी संतोष पोद्दार, सभासद रामसेवक गुप्ता, अनिल, महेश, पिंटू, दीपक कुमार, नंदू गौड़, सौरभ गुप्ता आदि ने विभाग के उच्चाधिकारियों से बिजली कटौती की समस्या से निजात दिलाने और रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप कराने की मांग की है।
चार दिनों तक कम मिलेगी बिजली
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ तहसील मुख्यालय को 24 घंटे बिजली आपूर्ति दिए जाने को लेकर क्षमता बढ़ाने, तार सही करने का कार्य विभाग शुरू हुआ है। इसकी वजह से 13 मई तक शोहरतगढ़, बोहली और जोगिया फीडर से जुड़े उपभोक्तओं को 12-12 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा नौगढ़ और लोटन विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को दिन में नौ से पांच बजे तक बिजली मिलेगी। यह जानकारी एक्सईएन घनश्याम मिश्र ने दी है।