स्थानीय लोगों में नाराजगी, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा, व्यापार और आवाजाही पर भी पड़ रहा असर
बढ़नी। नगर व आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। मुख्य मार्ग से लेकर गली-मोहल्लों तक सड़क की खराब हालत के चलते लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गड्ढों की वजह से आए दिन बाइक सवार और पैदल यात्री हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को रोजाना इन खराब सड़कों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। वहीं व्यापारियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। नगर व आसपास के ग्रामीणों में सुरेंद्र कुमार मौर्य, मोहन यादव, दिलीप कुमार, मोतीलाल सहित दर्जनों लोगों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि जो गड्ढे दिखाई दे रहे हैं, वे पाइप लाइन कार्य से जुड़े हैं और जल्द ही उन्हें भरवा दिया जाएगा।