संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। कोतवाली क्षेत्र के सिसई भरथना नहर में 22 जुलाई को मिले किशोरी के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने विवेचना में आत्महत्या के पहलु को भी शामिल कर लिया है।
पथरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी बुधवार दोपहर 12 बजे बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपने नानी के घर आई थी। करीब तीन बजे वह लापता हो गई। शाम छह बजे उसका शव भरथना नहर में मिला था। मृतका की मां ने बांसी कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गोपाल निवासी ग्राम-बरौहिया थाना-मोहाना व शाह बहादुर निवासी रानीगंज थाना कोतवाली बांसी और उनके अन्य साथियों ने मिलकर अपहरण किया। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से हत्या कर दी। कोतवाली पुलिस तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई। दुष्कर्म और हत्या के दावे रिपोर्ट में खारिज कर दिए गए।
इस संबंध में कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में किशोरी की मौत पानी में डूबने से वजह से बताई गई है। मामले में सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।