लोटन। कोतवाली क्षेत्र के धरमौली गांव में मंगलवार रात छेड़खानी के बाद बाद हो रही मारपीट के मामले में मौके पर पहुंचे दो सिपाहियों को बंधक बना लिया गया। दो पक्षों के बीच हो रहे मारपीट के दौरान पुलिस ने एक पक्ष को बचाकर थाने भेज दिया, उसके बाद दूसरे पक्ष ने दो पुलिसकर्मियों का मोबाइल छीनकर ग्रामीणों ने दो घंटे तक बंधक बना रखा। उसके बाद कोतवाली पुलिस फोर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद सिपाहियों को छुड़ाकर लाई। सिपाही की तहरीर पर कोतवाली में 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक महराजगंज जिले के कोल्हुई निवासी इबरार पुत्र जमील अहमद अपनी पत्नी व बहन को बाइक से लेकर धरमौली के रास्ते गांव जा रहा था। धरमौली गांव के कुछ लोगों ने उसकी बहन व पत्नी के साथ छेड़खानी करने लगे। मामले की शिकायत लेकर पीड़ित पुलिस चौकी हरिबंशपुर गया। चौकी के सिपाही जयहिंद व रामप्रवेश मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए धरमौली गांव गए और शिकायतकर्ता को गांव के बाहर रोक दिया। इसी बीच गांव के कुछ लोग शिकायतकर्ता को मारने-पीटने लगे। दोनों सिपाहियों ने छुड़ाकर वहां से शिकायतकर्ता को हटा दिया।
मामले से आक्रोशित होकर धरमौली गांव के लोगो ने दोनों सिपाहियों को एक कमरे में बंद कर मोबाइल छीनते हुए दो घंटे तक बंधक बना लिया। वारदात की जानकारी कोतवाली पुलिस को हु तो कोतवाली प्रभारी राजेश गुप्ता मय फोर्स के साथ पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद सिपाहियों को छुड़ाया।
सिपाही जयहिंद की तहरीर पर पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश गुप्ता का कहना है कि घटना के संबंध में सिपाही की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों का चालान किया है।