- एटीएस और अन्य खुफिया एजेंसियों ने ली जानकारी
- सीमावर्ती जिलों में उसके मूवमेंट की बात आ रही है सामने
- अभी मोबाइल के खंगाले जाने के बाद और राज खुलने के आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नौ मई को मोहाना क्षेत्र के लीलाडिहवा बाॅर्डर से घुसपैठ करते हुए पकड़े गए चीनी जासूस यूफेनाघो को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है। क्योंकि पुलिस की पूछताछ में अबतक उससे कई अहम जानकारी मिली है। उसके सीमावर्ती जनपदों के अलावा अयोध्या तक जाने की बात सामने आ रही है। एटीएस और अन्य खुफिया एजेंसी से जुड़े लोग पूछताछ के लिए जिले में पहुंच चुके हैं। उन्होंने जासूस को पकड़ने वाली टीम से भी संपर्क साधकर उनसे जानकारी ली है।
चीनी नागरिक यूफेनाघो के पास से कोई वैध कागजात और वीजा नहीं मिला था। उसपर विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। उसके मोबाइल फोन में फोटो और संदिग्ध जानकारियां भी मिली हैं। एजेंसियां मोबाइल फोन की गहन जांच में जुटी हैं। यह पता करने की कोशिश हो रही है कि फोन से कौन- कौन सी जानकारी किसको-किसको शेयर की गई है।
यह है घटनाक्रम
नौ मई को मोहाना थाना क्षेत्र के क्षेत्र के लीलाडिहवा बार्डर पर बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान एक चीनी नागरिक को एसएसबी 66वीं वाहिनी की टीम ने पकड़ा था। उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद उससे एसएसबी के अलावा पुलिस औैर अन्य एजेंसियों ने पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम यूफेनाघो और पता जिन यंग काउंटीजियांग बताया। विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है। उसके पास से विदेशी मुद्रा भी मिली थी।
चीनी नागरिक के मोबाइल फोन की जांच कराई जाएगी। उससे अहम जानकारी मिल सकती है। मोबाइल का डाटा रिकवर करने से कई जानकारी मिलने की उम्मीद है। कुछ जानकारी मिली भी है, जिसके आधार पर जांच की चल रही है। पूछताछ के लिए रिमांड पर भी लिया जाएगा।
प्राची सिंह, पुलिस अधीक्षक