- पहले सनई तक मिला था लोकेशन, आगे नहीं बढ़ पा रही पुलिस
- जोगिया तक बाइक दिखने के बाद बांसी की तरफ हाइवे के कैमरे से ट्रेस करने में जुटी पुलिस
- सनई चौराहे पर 19 मार्च को चेकिंग के दौरान गाड़ी के स्टेयरिंग के पास डिक्की से गायब हुआ रुपया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के सनई चौराहे पर चेकिंग के दौरान गाड़ी से 6.33 लाख रुपये चोरी के मामले की जांच में जुटी पुलिस को बदमाश का लोकेशन जोगिया तक मिला है। पुलिस आशंका व्यक्त कर रही है कि वह हाईवे पकड़ा होगा। इसलिए पुलिस बांसी की तरफ एनएच पर लोगों के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को चेक कर रही है। वहीं सीसी फुटेज देखने के लिए दो अलग- अलग टीमें लगाई गई हैं।
गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र के रमवापुर निवासी मनरेज सिंह के डीसीएम के स्टेयरिंग के पास डिक्की से 6.33 लाख रुपये चोरी हो गया था। घटना के वक्त वह सनई चौराहे पर वाहन की चेकिंग में कागजात दिखाने गया था। सीसीटीवी कैमरे से रुपये निकालने का फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसमे हुलिया, बाइक तो दिखा है, लेकिन चेहरा और बाइक का नंबर ट्रेस नहीं हो रहा है। बदमाश को पकडऩे के लिए लगी टीम जांच करते हुए इस निष्कर्ष पर पहुंची थी कि रुपये रेकी करके उड़ाया गया है।
शोहरतगढ़ से सनई और आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में भी बदमाश आते हुए देखा गया है। जांच में अब सनई- पकड़ी मार्ग से जोगिया की ओर मूमेंट होना पाया गया है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हाइवे पकड़कर बांसी की ओर से बदमाश निकला होगा। इसलिए एक टीम लगातार हाइवे पर स्थित घरों में लगे कैमरे के फुटेज को देख रही है। 11 दिन की जांच में पुलिस आगे बढ़ी है। वहीं दो अन्य टीमें गैर जनपदों में काम कर रही हैं, जो सीसी फुटेज के माध्यम से पुराने बदमाशों के जरिए पहचानने की कोशिश कर रही हैं। इस संबंध में एसपी प्राची सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। हर बिन्दुओं की गहनता से जांच की जा रही है। सदर पुलिस के अलावा टीम लगाई गई है।
-
नये गिरोह के सक्रिय होने की आशंका
पिकअप से जिस प्रकार से रुपये उड़ाए गए हैं। माना जा रहा है कि कोई नया गैंग सक्रिय हुआ है। सूत्रों की मानें तो हुलिया और कार्य करने का तरीका अलग है। कैमरे में दिख रहा है कि बदमाश शातिराना अंदाज में रुपये निकाल रहा है, बिना नंबर प्लेट की बाइक और हमेशा वह भी काला हेलमेट और गमछा लगाए हुए। इससे यह प्रतीत हो रहा है कि कोई नया गैंग सक्रिय हुआ है। अगर पुराना बदमाश होता तो अब तक ट्रेस जरूर हो जाता। क्योंकि वह कोई न कोई क्लू जरूर छोड़ता है। फिलहाल पुलिस के छानबीन में सब सामने आ ही जाएगा।