पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को पकड़ा
सिद्धार्थनगर। रोहित मौत प्रकरण को सुलझाने में जुटी पुलिस के समक्ष कई अड़चने आ रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भले ही मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, मगर पुलिस हत्या मानकर छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है दो संदिग्धों को पुलिस की स्पेशल टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के सिसवा बुजुर्ग गांव निवासी 14 वर्षीय रोहित 13 फरवरी को घर से गांव में यज्ञ में शामिल होने गया था। इसके बाद लौटा नहीं और पांच दिन बाद गांव के पास खेत में रखे पुआल में उसकी लाश मिली। जिस हिसाब से शव को रखा गया था, उससे यह स्पष्ट हुआ कि किसी ने हत्या करके शव को ठिकाने लगा दिया। जांच में जुटी पुलिस के सामने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होना बड़ा रोड़ा बन गया। फिर भी पुलिस हार नहीं मान रही है, वह हत्या मानकर आरोपियों के गिरेबान तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं है। न जमीन का झगड़ा है और न ही रास्ते का। रुपये भी इतने नहीं है कि फिरौती के लिए हत्या कर दी जाए। बचा एक सवाल अनैतिक संबंध। उसकी उम्र भी नहीं है कि किसी से संबंध हो और वह मौत का वजह बने। इसमें एक सवाल है कि हो सकता है कि रोहित किसी के रिश्ते को जानता था या फिर अचानक कुछ ऐसा देखा कि सामने वाला राज खुलने के डर से मार डाला। सूत्रों की मानें जांच में जुटी पुलिस टीम हार नहीं मान रही है। पुलिस की स्पेशल टीम के हाथ कुछ क्लू मिले हैं, जिसके आधार पर दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया है। एसओ शोहरतगढ़ राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जांच जारी है। जल्द ही पुलिस की किसी नतीजे पर पहुंचेगी और मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।