देवरिया। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में आयोजित समाधान दिवस का उद्देश्य जनसुनवाई को प्रभावी बनाना, पुलिस की जवाबदेही तय करना और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना रहा। इस दौरान डेस्क सिस्टम के तहत सभी थानों पर हल्का प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की डेस्क लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का प्रयास किया। समाधान दिवस के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने कई मामलों में मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान भी कराया। जनपद के सभी थानों पर कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं। इस अवसर पर पुलिस विभाग और राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।