भवानीगंज थाने में सत्यदेव मौर्या को गिरा हुआ पर्स लौटाया, साथ में सिपाही फूल देव यादव।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
सिपाही ने दिखाई ईमानदारी, गिरे हुए रुपये लौटाए
सोशल मीडिया के जरिए छात्र तक पहुंचा संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाने में तैनात एक सिपाही ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। सिपाही को रुपयों से भरा एक पर्स सड़क पर पड़ा मिला। मालिक को तलाश कर अमानत उस तक पहुंचाने के जुनून में सोशल मीडिया का सहारा लिया। सफलता मिली और सोशल मीडिया से जानकारी होने पर पर्स का मालिक एक छात्र थाने पहुंचा। तस्दीक करने के बाद एसओ रवींद्र कुमार की मौजूदगी में पर्स और उसमें मौजूद नकदी छात्र को सौंप दी गई।
एसओ भवानीगंज रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बयारा गांव निवासी छात्र सत्यदेव मौर्य का रुपयों से भरा पर्स 26 नवंबर को बलरामपुर जिले के उतरौला जाते समय भड़रिया पुल के पास गिर गया था। थाने में तैनात सिपाही फूलदेव यादव को गश्त के दौरान पर्स मिला। उसमें उसका आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दो एटीएम कार्ड, 3500 रुपये थे। सिपाही ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स मिलने की सूचना दी। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को सूचना दी गई। इससे छात्र सत्यदेव मौर्य को पता चला। इसके बाद शुक्रवार को वह थाने पर पहुंचा। यहां पर प्रभारी निरीक्षक द्वारा छात्र सत्यदेव मौर्य को पर्स लौटाया गया। छात्र ने भवानीगंज पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ईमानदारी की सराहना की।