त्रिलोकपुर क्षेत्र के दोपेडुवा चौराहा पर पुलिस की गिरफ्त में अवैध पटाखे के साथ युवक।
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र स्थित दोपेड़ौवा चौराहे पर पुलिस ने बुधवार को छापा मारकर दो दुकानों से अवैध रूप से डंप की गई पटाखों की खेप बरामद की है। दीपावली पर बिक्री के लिए इन पटाखों को रखा गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटाखे बरामद कर, दुकानदारों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
पुलिस को सूचना मिली कि दोपेड़ौवा चौराहे पर अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं। इन पटाखों को चौराहे पर अनिरुद्ध कुमार व बृजेश चौधरी की दुकानों पर दीपावली पर बिक्री करने के लिए डंप किया गया है। पुलिस ने सीओ डुमरियागंज सतीश चंद्र पांडेय और त्रिलोकपुर एसओ विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में बुधवार को उक्त दुकानों पर छापा मारा गया।
तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों दुकानों के अंदर कई गत्तों में पैक पटाखों की खेप बरामद हुई। गत्तों को खाेला गया तो उसमें फुलझड़ियां, अनार, चकरी, राकेट आदि कई तरह के पटाखे मिले।
इस संबंध में एसओ ने बताया कि बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बिस्कोहर मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल देवचंद, इंद्रजीत सिंह, अर्जुन यादव, पप्पू गौड़ आदि शामिल रहे।