नगर समेत गड़ाकुल और नीबी दोहनी में सीओ सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पैदल मार्च कर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। दशहरा और मोहर्रम के मद्देनजर पुलिस के बूटों की धमक संवेदनशील क्षेत्रों में अधिक देर तक सुनाई दी।
गत वर्ष दशहरा व मोहर्रम एक साथ होने के कारण नगर में विवाद हो गया था। इससे कई दिनों तक तनाव की स्थिति रही। माहौल सामान्य बनाने में पुलिस को भी खूब मशक्कत करनी पड़ी थी। इसके मद्देनजर पुलिस ने अभी से सतर्कता बढ़ा दी है। एसपी महेंद्र यादव के निर्देश पर सीओ सुनील कुमार सिंह की अगुवाई में शोहरतगढ़ सर्कल के थानाध्यक्ष, एसआई और पुलिस के जवानों पैदल मार्च कर जनता में सुरक्षा का विश्वास जगाया। मार्च थाना परिसर से शुरू होकर गड़ाकुल तिराहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगर पंचायत कार्यालय, गोलघर, भारत माता चौक, सब्जी मंडी, मस्जिद टोला आदि मार्गों से होते हुए थाना परिसर में पहुंचकर समाप्त हुआ। मार्च में थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, सत्य प्रकाश यादव, अनिल शर्मा आदि शामिल रहे।
इस बार नवरात्रि और मोहर्रम का त्योहार एक साथ होने से शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण है। कभी संभ्रांत लोगों के साथ बैठक तो कभी आयोजन समितियों के साथ पुलिस की बैठकें जारी है। इसी क्रम में उसका थाना पर बुधवार को सीओ सदर मो.अकमल खान की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई।
बैठक में सीओ ने कहा कि दोनों समुदाय के त्योहार एक साथ हैं, इसलिए हम सभी मिलजुल कर त्योहार मनाएं। दोनों वर्ग के धार्मिक मान्यताओं का पूरा ख्याल रखें। आयोजन में न तो भड़काऊ भाषण, प्रदर्शन करें और ना ही ऐसे गाने बजाएं। बताया कि पुलिस दोनों समुदाय के 5-5 नवयुवकों को वालंटियर के तौर पर नियुक्त करेगी, जिन्हें परिचय पत्र और पट्टा दिया जाएगा। साथ ही इन्हें सावधानियों को लेकर प्रशिक्षित भी किया जाएगा। सीओ ने आग से बचाव के लिए कहा कि पूजा पंडालों में कटे खुले बिजली तारों का प्रयोग नही हो, अग्निशमन यंत्र, ड्रम में पानी व बालू भी रखें। किसी भी घटना की सूचना फौरन पुलिस को दें। इस दौरान थानाध्यक्ष रामसिंहासन सिंह, मनोज कुमार त्रिपाठी, दीपक कुमार दुबे, सुजीत अग्रहरि, अनिल सिंह, राधेश्याम, मंतू विश्वकर्मा, मोहम्मद शरीफ आदि मौजूद रहे।