पुलिस लाइन में रिहर्सल के दौरान फायरिंग करते डीएम सूर्यपाल गंगवार।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। विधानसभा चुनाव में हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार हो गई है। गुरुवार को दंगा नियंत्रण का रिहर्सल कर इसके संकेत दिए। पुलिस लाइन में आयोजित रिहर्सल में अफसरों से लेकर कर्मचारियों ने अपनी क्षमता प्रदर्शित की। आंसू गैस के गोले दागे, फायरिंग की। डीएम-एसपी ने भी हथियार उठाया और संदेश दिया कि आपात स्थिति में वह भी पीछे नहीं रहेंगे। सुबह 10 बजे से शुरू हुए रिहर्सल में सभी थानाध्यक्षों, सीओ ने हिस्सा लिया। बारीकी से दंगा नियंत्रण के हर पहलू से अवगत कराते हुए टिप्स दिए गए। बारी-बारी सभी ने फायरिंग की। आंसू गैस के गोले भी दागे।
पुलिस ने उन हथियारों का भी प्रदर्शन किया, जो दिखने में सामान्य थे, लेकिन उनका असर काफी प्रभावी था। हालांकि रिहर्सल के दौरान कई पुलिस कर्मी ऐसे भी रहे, जिनकी तैयारियों की पोल खुल गई। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने कहा कि पुलिसकर्मी खुद को अच्छी तरह तैयार कर लें। चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने की मंशा रखने वालों को कड़ा जवाब देना है। एसपी राकेश शंकर ने भी जवानों को दंगा नियंत्रण के विविध आयोमों की विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर एएसपी अशोक कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट डॉ. महेंद्र कुमार, सीओ सदर मो. अकमल खां, सीओ बांसी महिपाल पाठक, सीओ शोहरतगढ़ सुनील कुमार सिंह, सीओ डुमरियागंज जटाशंकर राव, एसओ सदर शादाब खान, जोगिया शमशेर बहादुर सिंह, उसका डीएन सिंह, गोल्हौरा राधेश्याम राय, त्रिलोकपुर देवेंद्र मिश्र, इटवा रणधीर मिश्र, कपिलवस्तु बसंतलाल, लोटन रणविजय सिंह और मोहाना अनिल कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।