शिया बाहुल्य कस्बा हल्लौर स्थित जामा मस्जिद के ग्राउंड में बुधवार की रात जश्न-ए-नूर व बच्चों की पेटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें एक तरफ जहां शायरों ने अपने अंदाज में इमाम मेंहदी की शान में बेहतरीन कलाम व कसीदा पेश किया, वहीं बच्चों ने अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का आगाज मुंबई से आए फैजियाब जाफरी ने कलाम पाक की लितावत से किया। इसके बाद अम्बर मेंहदी व उनके हमनवां ने नात-ए-पाक पेश किया। महफिल में नामचीन शायर फिरोज नकवी, सावन हल्लौरी, नफीस हल्लौरी, हानी मुमताज, सज्जाद हल्लौरी आदि ने कलाम पेश किया। महफिल के बाद रात करीब 9 बजे बच्चों की पेंटिंग व ग्रीटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें हल्लौर के साथ ही आसपास के गांव के करीब 450 बच्चों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास, आतंकवाद के खिलाफ पेंटिंग बनाकर अपना हुनर दिखाया। प्रतियोगिता के बाद बच्चों को लैपटॉप व प्रोजेक्टर के माध्यम से दीन इस्लाम व समाज से जुड़ी फिल्म दिखाकर सच्चाई और इंसानियत के रास्ते पर चलने की सलाह दी।
पेटिंग प्रतियोगिता में अलमिजाम प्रथम, कैफ आफताब द्वितीय, ग्रीटिंग प्रतियोगिता में अकबर अब्बास प्रथम व अर्सनाज फातिमा द्वितीय और सानिया बानो को तीसरा स्थान मिला। सबी हैदर व तसबीब हसन ने स्कूली बैग व पठन-पाठन सामग्री देकर बच्चों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक अलमुंतजर कमेटी के सदस्य तौसीफ आब्दी ने कहा कि इस तरह के प्रोग्राम से बच्चों में दीनी व दुनियाबी शिक्षा के बढ़ावे के साथ ही अपने हुनर को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है।
ऐसे आयोजनों का होना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम को जमाल हैदर, परवेज नयानी, नकी अब्बास, तफसीर, अली अब्बास, तनवीर, फिदा अब्बास व शहजाद आदि ने भी खिताब कर बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान राहिब रिजवी, अबूजर, सलमान हैदर, पप्पू, महफूज, आबिद, काजिम मेंहदी, जाफर, कायनात हल्लौरी, हैदर हल्लौरी, मोजिज, राजा, नासिर, रियाज, सलमान, रानू, अमानत आदि मौजूद रहे।