बैठक में उपस्थित महराजगंज जिले के प्रचार्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी से संबद्ध महराजगंज जिले के कॉलेज के प्राचार्यों की बैठक गुरुवार को यूनिवर्सिटी सभागार में हुई। इसमें नए सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। संबद्धता के नवीनीकरण के लिए 30 मई तक हर हाल में प्रक्रिया पूरी करने की हिदायत दी गई।
कुलपति डॉ.रजनीकांत पांडेय ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना यूनिवर्सिटी का मकसद है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन कटिबद्ध है। इसमें किसी तरह का समझौता नहीं होगा।
लिहाजा कॉलेज प्राचार्य अभी से यह स्पष्ट कर लें कि उनके कॉलेज में संचालित पाठ्यक्रमों की संबद्धता का समय से नवीनीकरण हो चुका है या नहीं। यूनिवर्सिटी की ओर से दिए जाने वाले दिशा-निर्देशों का निर्धारित समय में पालन करना सुनिश्चित करें। देरी के कारण होने वाली दिक्कतों के लिए वह स्वयं जिम्मेदार होंगे।
कुलसचिव डॉ.बीके पांडेय ने 30 जून तक संबद्धता समाप्त होने वाले पाठ्यक्रमों के नवीनीकरण के लिए 30 मई तक हर हाल में आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में उप कुलसचिव महेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक अखिलेश पाल आदि मौजूद रहे।