सिविल लाइन स्थित मदरसे में होगा टीकाकरण
डॉ. नीरज कुमार व डीएमओ जांचेंगे फिटनेस
महराजगंज। अप्रैल से शुरू हो रही हज यात्रा के मद्देनजर सोमवार को मुख्यालय के सिविल लाइन स्थित मदरसे में हज जायरीनों का प्रशिक्षण व टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार और डीएमओ तन्मय पांडेय फिटनेस प्रपत्र जांचेंगे। फिटनेस प्रपत्र जांचकर ही टीकाकरण किया जाएगा।
हज यात्रा पर 2026 में जनपद से कुल 71 जायरीन विभिन्न तिथियों में हवाई यात्रा पर निकलेंगे। हज यात्री पूरी तरह स्वस्थ हैं, इसका फिटनेस प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही वह हज यात्रा पर जा सकेंगे। फिटनेस प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही टीकाकरण किया जाएगा। हज प्रशिक्षक मो. मोइनुद्दीन कादरी ने बताया कि 16 फरवरी को मदरसा जामिया रिजविया नुरूल उलूम सिविल लाइन के परिसर में सभी हज यात्रियों की फिटनेस जांच डॉ. नीरज कुमार डीएमओ की मौजूदगी में करेंगे। फिटनेस टेस्ट पास करने वाले जायरीनों का स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण करेगी। शमशुल हुदा खान नाजिम ने बताया कि इस बार हज यात्रियों के लिए कई नियम बदले हैं। इस वजह से हज यात्रियों को बहुत कुछ जानने की जरूरत है, इसीलिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
वर्जन
हज यात्रा पर इस बार कुल 71 जायरीन जाएंगे। इसमें 38 पुरुष व 33 महिलाएं शामिल हैं। कल सिविल लाइन मदरसे में फिटनेस जांच के बाद टीकाकरण किया जाएगा।
-तन्मय पांडेय, डीएमओ, महराजगंज।