रामपुर में एसपी कार्यालय पर ज्ञापन देने पहुंचे खजुरिया के ग्रामीण।
सिद्धार्थनगर। बीडीओ के रवैए से आक्रोशित मिठवल के ग्राम प्रधानों ने शुक्रवार को विकास भवन पहुंचकर हंगामा मचाया। बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीडीओ कक्ष में पहुंचे। ज्ञापन देकर बीडीओ पर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि प्रभारी बीडीओ मनिकौरा तिवारी ग्राम पंचायत के प्रधान पुत्र के साथ बदसलूकी की। मारपीट के बाद धक्का देकर दफ्तर से बाहर निकाल दिया। सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी को जांच के लिए निर्देशित किया है।
राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के बैनर तले लामबंद ग्राम प्रधानों का कहना था कि डुमरियागंज में तैनात बीडीओ अनिल कुमार चौधरी के पास मिठवल ब्लॉक का भी प्रभार है। तीन दिन पूर्व मनिकौरा तिवारी की प्रधान मालती देवी अपने पुत्र पवन कुमार के साथ मनरेगा योजना व ग्राम पंचायत के विकास संबंधी वार्ता के लिए डुमरियागंज ब्लाक पर गई थी। वहां कार्यालय में वार्ता के दौरान बीडीओ आपे से बाहर हो गए। गाली-गलौज करते हुए प्रधान पुत्र को मारपीट के बाद धक्का देकर बाहर निकाल दिया। प्रधानों का कहना था कि बीडीओ के साथ पूर्व में भी ऐसी शिकायत रही है। शोहरतगढ़ में तैनाती के दौरान प्रधानों से अभद्रता करते रहे हैं। प्रधान संगठन ने चेतावनी दी कि अगर 31 मार्च तक मामले में आरोपी बीडीओ पर कार्रवाई नहीं होती तो 1 अप्रैल से पूरे जिले के ग्राम प्रधान धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
इस मौके पर ग्राम प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्र, जितेंद्र कुमार, कमर आल, ओंकारनाथ सहाय, बाल विनोद त्रिपाठी, जयंत पांडेय, राकेश जायसवाल, घनश्याम मौर्य, मो. याकूब, शरदेंदु पाठक, दिवाकर पांडेय, बाल विनोद त्रिपाठी, बबलू पांडेय आदि मौजूद रहे। उधर, इस संबंध में बीडीओ अनिल कुमार चौधरी ने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। कहा कि जिस दिन की घटना बताई जा रही है, उस दिन वह सुबह 10 बजे तहसील दिवस में उपस्थित थे। प्रधान या उनके पुत्र से उनकी मुलाकात नहीं हुई। फोन पर वार्ता में प्रधान पुत्र से जरूर हॉट-टाक हो गई थी। सीडीओ अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच के लिए डीडीओ सुदामा प्रसाद को निर्देशित किया गया है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।