निकली धूप, लोगों ने ली राहत की सांस
बाजार में बढ़ी रौनक, सुबह और शाम को ठंड से ठिठुरे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पिछले पांच दिनों से धूप नहीं होने से ठंड से ठिठुर रहे लोगों को शुक्रवार दोपहर धूप निकलने से राहत महसूस हुई। ठंड और गलन से परेशान लोग धूप निकलते ही घर से बाहर हो गए और दरवाजे के सामने, सड़क व पार्क आदि स्थानों पर धूप सेंकते नजर आए। जबकि सुबह और शाम को ठंड का असर बरकरार रहा।
पांच दिन से धूप नहीं निकलने से लोग ठंड और गलन से कांपते रहे। बृहस्पतिवार दोपहर को सूर्य निकले, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर बदाल छा गया। जिससे लोग मायूस हो गए। शुक्रवार दोपहर 12 बजे से ही धूप निकल आयी और देर तक रहने से लोगों ने राहत की सांस ली। दरवाजे पर कर्मचारी कार्यालय के बाहर और सड़क पर भी लोग धूप सेकते नजर आए। शहरवासी केदारनाथ व रामकरन का कहना है कि ठंड और गलन से हालत बहुत खराब रही। इससे बचाव का प्रयास करने के बाद भी घर समेत मोहल्ले के कई लोग ठंड लगने से बीमार हो गए। ठंड के कारण दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। धूप निकलने से कुछ राहत मिली है और इससे तापमान भी बढ़ने की उम्मीद है। जिससे दिनचर्या ठीक हो जाएगी। दोपहर धूप निकलने के बाद शाम को फिर ठंड और गलन के साथ कोहरा पड़ने लगा, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। साथ ही सड़क पर वाहनों का आवागमन भी कम हो गया।
-----------------
ठंड से बंदर भी रहे परेशान
बृहस्पतिवार सुबह कड़ाके की ठंड से बचने के लिए बंदर भी एक-दूसरे चिपक कर इसका असर कम करने का प्रयास करते दिखे। शहर के वन विभाग कॉलोनी में एक मकान की दीवार पर बंदरों का झुंड दुबक कर बैठा दिखा। नजदीक से देखने पर पता चला कि दो अथवा तीन बंदर एक-दूसरे से चिपके हुए हैं।