सिद्धार्थनगर। शुक्रवार को शाम चार बजे करीब आई आंधी से पुरानी नौगढ़ के शिव मंदिर के पास पुराना पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ कर गिर गया। इससे छह से अधिक बिजली पोल व लगभग तीन सौ मीटर तार कई हिस्से में टूट गया।
इससे लगभग 1500 उपभोक्ताओं के घर की बिजली गुल हो गई है। जो शनिवार को सुचारु होने की संभावना है। शुक्रवार दोपहर बाद अचानक आई आंधी से हर किसी को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान पुरानी नौगढ़ में मौजूद पीपल का वृक्ष उखड़ने से हर कोई हतप्रभ रह गया। हालांकि आंधी तेज होने से पीपल के पेड़ के पास कोई नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पेड़ के बगल से ही 11केवी लाइन व एलटी लाइन कंपोजिट लाइन बनकर जाती है। उस पर पेड़ गिरने से आसपास के छह पोल टूट गए। वहीं लगभग तीन सौ मीटर तार भी खंडों में टूट गए। इससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई।
लोगों के अनुसार इससे लगभग 1500 उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई की जाती थी, लेकिन कई पोल व तार टूटने से तत्परता होने के बाद भी लगभग सात हजार लोगों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ेगी। बिजली प्रभावित होने से लोगों को भीषण गर्मी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। वहीं पानी की भी किल्लत झेलनी पड़ेगी।