सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हथियवां से बगहवा मार्ग पर बेलबनवा गांव के पास गड्ढ़े हो गए हैं। जिसमें बारिश के बाद जलभराव हो गया है। इससे आने-जाने में राहगीरों को परेशानी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार बेखबर हैं। क्षेत्र के हथियवां से बगाहवा गांव होते हुए बिलबनवा गांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण 18 वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग ने कराया था। लेकिन सड़क रख-रखाव के अभाव में टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई। जिससे हल्की बारिश होने पर सड़क के गड्ढों में जलभराव हो जाता है। मजबूर होकर लोगों को इसी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
क्षेत्र के हमीदुल्लाह, राजेश, मौलाना हबीबुर्रहमान, कमाल, असद मलिक आदि ने बताया कि कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों से सड़क मरम्मत के लिए अनुरोध किया गया। लेकिन जिम्मेदार समस्या के निस्तारण के लिए कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम डुमरियागंज परमेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। शिकायती पत्र मिलने पर सड़क का स्थलीय निरीक्षण करके उसके रिपेयरिंग के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखा जाएगा।