सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 22 फरवरी से आयोजित बोर्ड परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और नकल विहीन कराने में कार्यालय में तैनात कर्मियों की भूमिका अहम है। सभी लोगों को अपने-अपने पटल के साथ परीक्षा से जुड़े बिंदुओं पर आपसी समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। टीम भावना से कार्य होने पर ही सफलता मिलनी संभव है।
ये बातें जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान ने कही। वह शुक्रवार को बोर्ड परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जिविनि कार्यालय में तैनात पटल सहायकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। डीआईओएस ने कहा कि कार्यालय में समय से आने और जाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। शासन अथवा प्रशासन के स्तर से आने वाले पत्रों का समय से अनुपालन के लिए विशेष सतर्कता बरतनी होगी। कार्यालय से बाहर जाने वाले पत्रों का समय से डिस्पैच कराकर संबंधित के पास रिसीव कराने की व्यवस्था को गति देना होगा।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा के दौरान स्थापित कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों के पास मोबाइल पर आए शिकायत अथवा सुझाव को गंभीरता से सुनकर उसके त्वरित निस्तारण के लिए भी सजग रहना होगा। मोबाइल पर बातचीत के दौरान सभ्यता और शालीनता का परिचय देने की कोशिश हो। अनावश्यक किसी से उलझें नहीं। किसी भी स्तर पर समस्या का समाधान न होने पर एक बार संज्ञान में लाया जाए, जिससे समय से उसका निस्तारण किया जा सके। बैठक में अबैदुल्लाह शाह, दीपेंद्र कुमार, हरिश्चंद्र, मनसब अली, उमाशंकर आदि कर्मचारी मौजूद रहे।