मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में स्वास्थ्य परीक्षण करतीं चिकित्सक।
सिद्धार्थनगर। बदलते मौसम में लोग सर्दी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। जिले की 61पीएचसी में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें सर्दी बुखार के मरीज अधिक पहुंचे।
भनवापुर प्रतिनिधि के अनुसार, पीएचसी तरहर, बिजौरा, कोहंड़ौरा, बिस्कोहर व सोहना पीएचसी में आयोजित शिविर में 381 मरीजों को परामर्श व दवा दी गई, जिसमें 17 मरीजों को रेफर किया गया।
अधीक्षक डॉ शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि बदलते मौसम के कारण लोगों में सर्दी,जुकाम,बुखार के साथ ही एलर्जी के मरीज बढ़ रहे हैं। तापमान में चढ़ाव उतार के कारण लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो गई है और लोग सर्दी जुकाम, बुखार की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों को उल्टी दस्त और पेट दर्द की समस्या हो रही है। इटवा प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कठेला,भदोखर, जिगिना व झकहिया में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कुल 197 मरीज आए। इनमें हर तीसरे मरीज को सर्दी जुकाम, बुखार की तकलीफ थी। मरीजों में 33 मरीज बच्चे रहे और 16 मरीज त्वचा रोग से सम्बंधित रहे। डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में सिर्फ 10 मरीज ही आए, जो सर्दी जुकाम और त्वचा रोग से संबंधित रहे।
इस दौरान डॉक्टर वीके सिंह, डॉक्टर राम प्रजापति, फार्मासिस्ट पवन श्रीवास्तव, सुभाष तिवारी तथा वकार अहमद, और संगीता मिश्रा मौजूद।