सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील मुख्यालय स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन बदहाली का शिकार है। भवन का छत जर्जर होने के साथ उसमे दरारें पड़ गई हैं। प्लॉस्टर टूट कर गिर रहा है और बारिश के समय छत से पानी भी टपकता है। भवन की हालत ऐसी है कि यहां इलाज के लिए आने वालों के साथ डॉक्टर व अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी किसी अनहोनी की आशंका में भयभीत रहते हैं। परिसर में जलापूर्ति के लिए बनाई गई पानी की टंकी लंबे अरसे से बेकार पड़ी है और लोगों को इंडिया मार्का हैंडपंप का ही सहारा है। बावजूद इसके इस ओर न तो किसी जिम्मेदार अधिकारी की और न ही जनप्रतिनिधि की नजर जा रही है।
कस्बे का प्रमुख अस्पताल होने के नाते यहां इलाज के लिए प्रतिदिन से सौ से अधिक मरीजा आते हैं। बीमार भवन में ही लंबे समय से आए लोगों का इलाज किया जा रहा है। परिसर में बनी पनी की टंकी पिछले 25 सालों से निष्प्रयोज्य है। पास मेें लगे एक इंडिया मार्का हैंडपंप के सहारे लोग अपनी प्यास बुझाते हैं। इतना ही नहीं अस्पताल परिसर में चहुंओर गंदगी का अंबार दिखेगा। आस पास के रहने वाले लोग यहीं लाकर अपने घरों का कूड़ा फेंकते हैं। स्थानीय निवासी राकेश कुमार, कासिम अली, ताज मोहम्मद, विशाल, अजीत आदि ने कहा कि तहसील मुख्यालय का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र होने के बाद भी इसकी सुधि लेने वाला कोइ नहीं है। इस संबंध में चिकित्साधिकारी डॉ बीके सिंह ने बताया कि जर्जर और पुराने हो चुके भवन के साथ खराब पड़ी पानी की टंकी के पुनर्निर्माण के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। बजट की स्वीकृति के बाद भवन के मरम्मत अथवा उसके पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा।