बर्डपुर। विकास क्षेत्र के करीमपुर महापाली चौराहे स्थित एक मकान से लगातार कोबरा के सपोले निकलने के बाद परिवार अब भी दहशत में है। खतरे को देखते हुए गृहस्वामी ने पूरे फर्श को तुड़वाकर जांच करानी शुरू कर दी है ताकि सांपों के निकलने की वजह का पता लगाया जा सके और दोबारा ऐसी स्थिति न बने।
करीमपुर महापाली चौराहा निवासी अजय गुप्ता के घर से बुधवार रात से बृहस्पतिवार दोपहर तक करीब 30 कोबरा के सपोले निकल चुके हैं। एक के बाद एक सांप के बच्चे दिखाई देने से परिवार के सदस्यों में भय का माहौल है। सूचना पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे और काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।
अजय गुप्ता ने बताया कि लगातार सपोले निकलने के कारण पूरे घर का फर्श तुड़वाया जा रहा है। संभावना है कि फर्श के नीचे कहीं सांपों का बिल या अंडे रहे हों। फर्श हटाने के बाद नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा ताकि भविष्य में दोबारा ऐसा न हो। परिवार के लोगों का कहना है कि घटना के बाद से वे भय के साये में रह रहे हैं। बच्चों और महिलाओं को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।