सिद्धार्थनगर। बिजली के बकायेदारों के लिए रविवार से एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना शुरू हो जाएगी। इसमें 10 हजार से अधिक बकाएदार उपभोक्ता शत प्रतिशत ब्याज मुक्त बिल जमा कर पाएंगे। यह योजना 31 जनवरी 2025 तक तीन चरणों में कुल 47 दिनों तक चलाई जाएगी। योजना का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण भी करवाना पड़ेगा।
एसई अजय कुमार ने बताया कि योजना का प्रथम चरण 15 दिसंबर से 31 दिसंबर तक होगा। वहीं दूसरा चरण एक जनवरी से 15 जनवरी तक और तीसरा चरण 16 जनवरी से 31 जनवरी तक होगा। बिजली के बकायेदारों से एकमुश्त बिल के भुगतान के साथ-साथ उन्हें किश्तों में भी धनराशि जमा करने का मौका दिया जाएगा। योजना के प्रथम चरण में 31 दिसंबर तक सरचार्ज में सर्वाधिक छूट मिलेगी।
रैली निकाल कर उपभोक्ताओं को किया जागरूक : शोहरतगढ़ में परसिया विद्युत सब स्टेशन से जागरूकता रैली निकाली गई। अवर अभियंता पंकज कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि रैली सब स्टेशन से निकलकर, परसिया, नगर पंचायत क्षेत्र के छतहरी, छतहरा कस्बा, नीबी दोहनी, नारायनपुर, मेढ़वा आदि क्षेत्रों में लोगों को जागरूकत किया गया। वहीं सकारपार के पटखौली फीडर के जेई ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना शनिवार से लागू कर दी गई है। डुमरियागंज में रविवार को अवकाश के बावजूद डुमरियागंज डिवीजन कार्यालय सहित सभी उपकेंद्रों के कार्यालय और काउंटर खुले रहेंगे। डुमरियागंज डिवीजन के अधिशाषी अभियंता संतोष त्रिपाठी ने बताया कि डुमरियागंज डिवीजन क्षेत्र में कुल 1 लाख 42 हजार विद्युत उपभोक्ता है। बिस्कोहर के विद्युत उपकेंद्र कठौतिया रामनाथ के अवर अभियंता सिद्धार्थ शंकर गुप्ता ने बताया कि ओटीएस का लाभ उठाने के लिए 15 दिसंबर से पंजीकरण कराना अनिवार्य है।