संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को भाषण एवं एकल काव्य पाठ का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। जिला स्तर के कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्रों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी और सुशासन विषय पर आयोजित भाषण कार्यक्रम में प्रदुम्न कुमार दुबे, राधा शुक्ला, शकीला खातून, सर्वेश जायसवाल और संदीप कुमार त्रिपाठी ने भाग लिया, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी के कविता संग्रह पर एकल काव्य पाठ में शिखा शुक्ला, शाहीन परवीन, निकिता कसौधन, रुपाली कुमारी, अतुल उपाध्याय, प्रदुम्न कुमार दुबे ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि आगे जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। उसमें प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार, पांच हजार, व 25सौ रुपये का पुरस्कार तथा प्रमाणपत्र शासन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करके प्रदान किया जाएगा। जिले स्तर की प्रतियोगिता में जिले के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय के छात्र सहभागिता करेंगे।
प्रो. हरीश कुमार शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन न केवल भारतीय राजनीति के लिए बल्कि मानवीय मूल्यों, सादगी और सौहार्द की दृष्टि से भारतीय जीवन पद्धति के अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी राजनीतिक सुचिता के साथ-साथ सामाजिक जीवन में सादगी और मूल्य आधारित जीवन पद्धति का जो मिसाल प्रस्तुत की है। आज के युवाओं के लिए आने वाली पीढ़ी के लिए हमेशा मार्गदर्शन की भूमिका में प्रेरणास्रोत के रूप में कार्य करता रहेगा। अटल बिहारी वाजपेयी की रचना धार्मिक एवं साहित्य में अनमोल हाथी के रूप में हम सबके बीच सम उपस्थित है।
आभार ज्ञापन उप नोडल अधिकारी डॉ. यशवंत यादव ने किया। इस दौरान प्रो. नीता यादव, डॉ. सच्चिदानंद चौबे, डॉ. सरिता सिंह, डॉ. अब्दुल हफीज व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।