- संयुक्त शिक्षा निदेश बस्ती ने बीएसए को जारी किया पत्र
- अभियान चलाकर विद्यालयों के जांच के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मान्यता प्राप्त करने के लिए निजी विद्यालय का फर्जी अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने का मामला सामने आया है। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती ने बीएसए को पत्र जारी करके संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कराने आदेश दिया है। इसके साथ ही अभियान चलाकर विद्यालयों के कागज की जांच करके रिपोर्ट देने को कहा है।
जनपद में संचालित चौधरी इंटरनेशनल स्कूल बढ़नी की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया गया था। इसके फर्जी होने की शिकायत किसी व्यक्ति ने संयुक्त शिक्षा निदेशक मंडल बस्ती को किया था। उनकी ओर से मामले की जांच कराई गई तो प्रमाणपत्र फर्जी निकला।
इसके बाद जेडी योगेंद्र नाथ सिंह ने बीएसए को पत्र जारी करके संबंधित विद्यालय के संचालक पर केस दर्ज कराने का निर्देश दिया है। अभियान चलाकर माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों के साथ ही सीबीएसई व आईसीएर्स बोर्ड के अनापत्ति प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराने को भी कहा। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि उच्चाधिकारी के निर्देश के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।