- ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना, पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के छितरापार गांव के पास से बहने वाली बूढ़ी राप्ती नदी में शनिवार सुबह युवक का उतराया शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के छितरापार गांव के पास से बूढ़ी राप्ती नदी गुजरी हुई है। शनिवार सुबह कुछ लोगों ने नदी में एक युवक का शव देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसओ उसका टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को बाहर निकलवाया गया।
इसके बाद शव के पहचान की कोशिश शुरू हुई। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के कपिया गांव निवासी मुंशी लाल जायसवाल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान अपने पुत्र राकेश जायसवाल (40) के रुप में की। उन्होंने बताया कि राकेश का इलाज चल रहा था। शुक्रवार देर रात अचानक वह गायब हो गया और यहां पर उसकी लाश मिली।
पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ उसका दिनेश कुमार सरोज ने बताया कि नदी में शव मिला था। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।