ऑपरेशन कायाकल्प से बदलने लगी स्कूलों की सूरत : बीडीओ
समीक्षा के लिए बीआरसी कैंपस में बैठक आयोजित
ग्राम प्रधान, सेक्रेट्री और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को बीआरसी परिसर में बीईओ एसपी सिंह और बीडीओ सुशील अग्रहरि ने बैठक की। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव और प्रधानाध्यापक मौजूद रहे। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत संतृप्त करने का निर्देश दिया गया।
बीडीओ सुशील कुमार अग्रहरि ने कहा कि जिन विद्यालयों में ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं, किंतु कुछ काम बाकी हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए। जिससे विद्यालय को संतृप्त घोषित किया जा सके। बैठक में उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों से कायाकल्प के साथ-साथ जीपीडीपी की बैठक पूरी करने, मनरेगा की योजना तैयार करने, मजदूरों को 100 दिन का रोजगार देने, मानव दिवस सृजित करने, मनरेगा मजदूरों का श्रम विभाग में पंजीकरण कराने, पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय का कार्य पूरा करने, पराली से खाद बनाने के लिए गड्ढा खुदवाने व उसमें पराली एकत्र करने और पराली को गोशाला में भेजने, प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थियों के आवास निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। बीडीओ ने मजदूरों को 90 दिनों का मनरेगा मानव दिवस देने के लिए मस्टररोल निकलवाने, बेसलाइन सर्वे, व्यक्तिगत शौचालय बनवाने, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कोटे से ड्राई राशन की उठान में सहयोग करने की बात कही। इस दौरान एडीओ पंचायत बृजेश गुप्ता, अभिषेक सिंह, अभिषेक त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, विनीत सिंह, शिवअजोर शर्मा, श्याम बिहारी, लवकुश प्रसाद, आबिद रिजवी और अनिल पांडेय आदि मौजूद रहे।