रंग के फेर में अटका है आपरेशन थिएटर का कार्य
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सर्जरी के लिए बनाई गई ओटी को सर्जरी की दरकार है। ओटी कांप्लेक्स के तीन ऑपरेशन थिएटर में दो ओटी को दस माह से माड्यूलर बनाने का कार्य जारी है, तीन माह से कार्य अब तक अधूरा पड़ा है, जबकि इस कांप्लेक्स की इकलौती ओटी की सी-आर्म मशीन चार माह से खराब होने के कारण हड्डी के जटिल ऑपरेशन के केस में रेफर करना मजबूरी हो गई है। वहीं, रोगियों को ऑपरेशन कराने के लिए दूसरे जिलों के अस्पतालों में जाना पड़ रहा है।
संयुुक्त जिला चिकित्सालय में सीएसआर प्रोजेक्ट के अंतर्गत 96 लाख रुपये के बजट से फरवरी में कार्य शुरू हुआ। तत्कालीन स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही की। इस कारण ओटी का कार्य अधर में है। अक्तूबर में कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूूडी को बजट प्राप्त हुआ लेकिन सर्जरी के लायक ओटी नहीं बन पाई। ओटी कांपलेक्स में जनरल सर्जरी, आर्थो, ईएनटी एवं डेंटल की सर्जरी होती है। एक ही ओटी के कारण प्रतिदिन 3 से 7 सर्जरी हो रही है। जबकि तीनों ओटी में सर्जरी हो तो एक दिन में 15 से 25 मरीजों को राहत मिल सकती है।
पीडब्ल्यूूडी के जेई लालचंद पटेल ने बताया कि तीन दिन में ओटी का कार्य पूर्ण हो जाएगा और ओटी हैंडओवर कर दी जाएगी। माड्यूलर ओटी में नंगे पैर ही लोग जाते हैं। इसकी फ्लोर मैगनेटिक होती है। ऐसे फ्लोर में करंट नहीं उतरता है। इसका सामान हैदराबाद या मुंबई में मिलता है। सामान मिलने में देर होने के कारण कुछ समय ज्यादा लगा।
ओटी का रंग सफेद करने का निर्देश
कार्यदायी संस्था ने ओटी का रंग नीला कर दिया है। डेढ़ माह पहले एक स्वास्थ्य अधिकारी ने ओटी का रंग सफेद करने का निर्देश दिया। उसके बाद अब तक ओटी के रंग के फेर में काम अटका हुआ है। हालांकि जिला अस्पताल में एमसीएच विंग में ओटी भी नीले रंग की है जिसमें बीते तीन दिन में बच्चों की विकृति वाली 96 सर्जरी की गई है। डॉक्टर बताते हैं कि मेडिकल कॉलेज प्रयागराज और वाराणसी में भी नीले रंग की ओटी है।
ब्लैक लिस्ट होगी एजेंसी
जिला अस्पताल की ओटी में चार माह से सी आर्म मशीन खराब है। इस मशीन के माध्यम से टूूटी हुई हड्डी के अंदर रॉड या प्लेट डालकर आपरेेशन करके जोड़ा जाता है। सीएमएस डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि सी -आर्म मशीन की सप्लाई करने वाली एजेंसी को तीन बार पत्र भेजा गया लेकिन उनके टेक्निशियन रिपेयर करने नहीं आए। इस एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने के लिए महानिदेशक स्वास्थ्य को पत्र भेज दिया गया है। मशीन को स्थानीय स्तर पर रिपेयर कराने की कोशिश की जा रही है।
जल्द ही शुरू होगी ओटी : डीएम
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि माड्यूलर ऑपरेशन थियेटर को अतिशीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया गया है। नीले रंग की ओटी में मात्र दीवार को सफेद किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने सिर्फ इतना बताया कि ओटी का कार्य अपूर्ण होने की रिपार्ट भेजी गई जबकि सीएमओ डॉ. एके सिंह का कहा कहना है कि वे हाल ही में जिले में पदस्थ हुए हैं। ओटी के रंग के बारे में उन्हें जानकारी है। रंग कोई बड़ा विषय नहीं है, जल्द ही ओटी शुरू कराई जाएगी।