शिक्षकों से डाटा फीडिंग कराने का किया विरोध
सिद्धार्थनगर। प्रेरणा पोर्टल पर डाटा फीडिंग का कार्य बीआरसी पर तैनात प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर की जगह शिक्षकों से कराने पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रांतीय नेतृत्व ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को पत्र लिखकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
यह जानकारी जिलाध्यक्ष आदित्य कुमार शुक्ल ने दी। उन्होंने बताया कि प्रेरणा पोर्टल पर शिक्षकों को डाटा फीडिंग कराने को लेकर बाध्य करने और खंड शिक्षा अधिकारियों की ओर से मनमाने ढंग से शिक्षकों का वेतन रोकने पर प्रदेश नेतृत्व गंभीर है। विभिन्न आदेशों के क्रम में प्रेरणा पोर्टल पर डाटा फीडिंग और अपलोडिंग का कार्य प्रधानाध्यापकों से कराए जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जबकि इस तरह के जटिल तकनीकी कार्य के लिए बीआरसी पर प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात किए गए हैं।
विद्यालयों में कंप्यूटर या टैबलेट नहीं हैं और न ही अधिकांश शिक्षक डाटा फीडिंग जैसे जटिल कार्य को कर पाने में दक्ष हैं। कहा कि अगर डाटा फीडिंग के नाम पर शिक्षकों का उत्पीड़न किया जाता है तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। संगठन ने मांग की है कि डाटा फीडिंग का कार्य साधन विहीन और अप्रशिक्षित प्रधानाध्यापकों से न कराकर बीआरसी पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर्स से कराया जाए, जिससे शिक्षक अपने मूल दायित्व पठन-पाठन को पूर्ण मनोयोग से कर सकें।