सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में स्थिति निजी अस्पताल में बच्चे के मौत के मामले में जहां ऑपरेशन थिएटर में जगह- जगह धूल जमा होने और लकड़ी के मेज पर ऑपरेशन किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, मरीज की केस हिस्ट्री से जुड़े कागजात (बीएचटी) भी जांच के लिए पहुंची टीम को नहीं मिले हैं।
साथ ही जिन डॉक्टरों को बेहोशी और ऑपरेशन में शामिल होने की बात कही गई, उनके बयान से भी विरोधाभास सामने आया है। अस्पताल संचालक को इस मामले में नोटिस जारी कर दी गई। इसके साथ ही तीन सदस्यीय कमेटी गठित गई है, जिसमें बढ़नी पीएचसी अधीक्षक को नोडल बनाया गया है। उनकी जांच और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में शुक्रवार को नोडल अधिकारी (नैदानिक स्थापना) डॉ. मानवेंद्र पाल, सीएचसी अधीक्षक बढ़नी डॉ. अविनाश चौधरी जांच के लिए पहुंच थे। नवजात की मौत के मामले में पहुंची टीम की जांच में ऑपरेशन थिएटर में अव्यवस्था की बात सामने आई थी।
जांच टीम के मुताबिक ऑपरेशन कक्ष में देखा गया तो रैक, मेज आदि सब स्थानों पर धूल भटी हुई थी। साथ ही ऑपरेशन के लिए जो मेज रखा गया था, वह खुली हुई लकड़ी का था। जबकि, फाम के गद्दे जैसा होना चाहिए। संक्रमण की स्थिति उत्पन्न न होने पाए इसके लिए ओटी पूरी तरह से साफ और सुरक्षित रखे जाने का नियम है लेकिन देखने के बाद लगा कि कभी सफाई ही नहीं होती है। असुरक्षा के बीच ऑपरेशन करना मतलब मरीज की जान को खतरे में डालने जैसा है।
इसके अलावा हर अस्पताल में मरीज की (बेड हेड टिकट) बीएचटी बनता है। वह अस्पताल का रिकाॅर्ड होता है, जिसमें भर्ती से लेकर डिस्चार्ज होने तक सभी जांच और दवा आदि की जानकारी लिखी जाती है।
जांच के दौरान संचालक से जब नोडल अधिकारी ने कागजात मांगे तो उसने साफ बताया कि ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर लेकर चला गया। जबकि, ऐसा नहीं होता है। वहीं, जिन डॉक्टरों को ऑपरेशन और बेहोशी में शामिल होने की जानकारी दी गई।
अस्पताल रजिस्ट्रेशन में डिग्री लगाने वाले डॉक्टर नईम और एनेस्थीसिया देने वाले डॉक्टर एमपी कसौधन से बात की गई तो दोनों डॉक्टराें ने ऐसी किसी सर्जरी से इन्कार कर दिया। अब मामले में नोटिस जारी किया गया है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।