सिद्धार्थनगर। गुजरता साल खेल क्षेत्र के लिए कमाल का रहा। वर्षों से उपेक्षित खेल के लिए जिले में तरक्की की राह खुल गई है। स्टेडियम के कायाकल्प के लिए एक करोड़ रुपये मिले तो नए कोच से खेल प्रतिभाओं को निखारने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।। पूर्व सांसद स्व.बृजभूषण तिवारी ने खेल प्रतिभाओं के लिए जिम्नेजियम हॉल का सपना देखा था, जिसे वर्ष 2016 ने साकार किया।
पूर्व मंत्री स्व.दिनेश सिंह के सपनों का तरणताल भी बनकर तैयार है। यह स्वीमिंग पूल आठ वर्षों से निर्माणाधीन था। रिक्त चल रहे क्रीड़ाधिकारी के पद पर वर्ष के अंतिम माह में नई तैनाती हो गई है। अशोक मार्ग पर चलते समय स्टेडियम के रूप में उपेक्षित और बदहाल परिसर दिखता था, लेकिन अब इसकी अलग रंगत छाने लगी है। खेल संसाधन बढने से खिलाड़ियों का रुझान भी बढ़ा है। इससे सुनहरे भविष्य की उम्मीदें परवान चढ़ने लगी हैं।