बांसी के पथरा थाने का निरीक्षण करते एसपी अजय कुमार साहनी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़ के बाद पथरा थाने की पुलिस भी असलहा खोलने-बंद करने की परीक्षा में फेल हो गई है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण में कोई भी एसआई, एएसआई, आरक्षी दंगा नियंत्रण संबंधी शस्त्र खोलने और बंद करने में सफल नहीं हो सके। नाराज एसपी ने सभी को क्रमवार पुलिस लाइन में प्रशिक्षण लेने का निर्देश दिया।
एसपी अजय कुमार साहनी ने गुरुवार को पथरा थाने का निरीक्षण किया। दोपहर डेढ़ बजे पहुंचे एसपी ने ने शस्त्र व उससे संबन्धित उपकरण का निरीक्षण किया। दंगा निरोधक यंत्र, पीएफ सेल, पीएफ ग्रेनेड व ट्राई ग्रेनेड को खोलने बंद करने व रख-रखाव का अभ्यास नायब दरोगा, दीवान व थाने के सभी आरक्षियों से कराया।
इस अभ्यास में सभी असफल हो गए। इसके बाद थाने के अभिलेखों का निरीक्षण कर एसओ व दीवान को प्रविष्टियों को दर्ज करने का निर्देश दिया। थाने में अभिलेखों का रख-रखाव व साफ-सफाई से पुलिस अधीक्षक संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मंशाराम गौतम, तौहीद खां, विनय कुमार मिश्रा, एसओ पथरा राकेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।