ब्लैक फंगस के लिए ओपीडी शुरू होगी
स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी शुरू होने से मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण काल के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी बंद कर दी गई थी। अब स्वास्थ्य केंद्रों पर भी ओपीडी शुरू होगी। इसके अलावा ब्लैक फंगस के मरीजों की इलाज के लिए जिला अस्पताल में आई और ईएनटी ओपीडी शुरू की जाएगी।
बीते दिनों मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। यदि एमबीबीएस चिकित्सक उपलब्ध न हो अथवा कहीं अन्य ड्यूटी पर हो तो आयुष चिकित्सकों को ड्यूटी पर तैनात किए जाएंगे, जिससे पीएचसी से प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा लोगों को मिल सके। सीएचसी, पीएचसी पर एंटीजन टेस्टिंग सुविधा उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है। सोशल डिस्टेंस और कोविड प्रोटोकाल के तहत ओपीडी शुरू की जाएगी। सीएचसी, पीएचसी को क्रियाशील रखने के लिए आईसीसीसी के चिकित्सकों की ड्यूटी आवश्यकतानुसार लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में ब्लैक फंगस के मामले को देखते हुए शासन ने जिला अस्पताल में ओपीडी बंद रखने के बीच सिर्फ दो चिकित्सकों को ओपीडी में बैठने का फरमान जारी किया गया है। नेत्र रोग विशेषज्ञ और कान, नाक और गला रोग विशेषज्ञ को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक बैठेंगे, जहां आने वाले मरीजों का चिकित्सीय परीक्षण का दवाएं लिखेंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि ओपीडी शुरू करने संबंधी पत्र की जानकारी मिली है। पत्र प्राप्त होने के बाद अनुपालन के लिए सभी अधीक्षकों को निर्देशित किया जाएगा।