बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित छितौनी गांव के पास देर रात हुई घटना
घायल बांसी पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती हाईवे स्थित छितौना गांव के पास बुधवार रात एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो टक्कर मारकर कुछ दूर आगे जाकर पलट गई। इसकी चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बस्ती जनपद के रूधौली थाना क्षेत्र के बनगवा रुधौली खुर्द गांव निवासी लकी साहनी (29) श्याम प्रसाद बाइक से बांसी से रुधौली की तरफ जा रहा था। अभी बांसी कोतवाली क्षेत्र के छितौना गांव के पास पहुंचा था कि अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मारकर कुछ कदम आगे जाकर पलट गई। हादसे मेें बाइक चालक लकी साहनी सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। इसी दौरान ग्राम छितौना निवासी सुभावती देवी (60) और उनके पति प्रहलाद (65) सड़क पर टहल रहे थे। टक्कर में यह दोनों पति-पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार चालक करमचंद पुत्र सीताराम निवासी ग्राम पुरे लखई थाना हरैया जिला बस्ती और स्कॉर्पियो मालिक काली प्रसाद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल अनुज कुमार सिंह जन्माष्टमी कार्यक्रम छोड़ मौके पर गए और बाइक चालक लकी साहनी समेत सभी घायलों को सीएचसी बांसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बाइक चालक लकी को मृत घोषित कर दिया। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद चार अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज करने के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक साहनी की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।