संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के देईपार में स्थित महाकारुदणिक तथागत गौतम बुद्ध राजकीय पाॅलीटेक्निक काॅलेज के हाॅस्टल में रविवार को दोपहर फंदे से लटकी छात्रा की लाश मिली थी। छात्रा की सूचना वार्डन ने भवानीगंज पुलिस को जानकारी दी थी। इसके बाद भवानीगंज पुलिस शव कब्जे में लेकर परिजनों का इंतजार कर रही थी।
सोमवार को परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस परिजनों के द्वारा तहरीर न दिए जाने की बात कह रही है। बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र निवासी छात्रा इलेक्ट्रानिक ट्रेड के प्रथम वर्ष में पढ़ रही भी। वह चचेरी बहन के साथ छात्रावास में रहती थी।
रविवार को मध्याह्न भोजन के दौरान हाॅस्टल की सभी छात्राएं बाहर थीं। इसी दौरान छात्रा कमरे गई, जहां पंखे के कुंडे से दुपट्टे का फंदा गले में डालकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद उसकी रूम मेट कमरे में गई तो फंदे से लटकी छात्रा को देख वार्डन को सूचना दी। वार्डन पुलिस को सूचना देने के बाद उसे सीएचसी बेवां ले गए। जहां डऍक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची भवानीगंज पुलिस शव को थाने लाकर परिजनों को सूचना के बाद उनके आने का इंतजार कर रही थी। सोमवार को भवानीगंज थाने पहुंचे परिजनों ने इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी और न ही किसी से कुछ बोले, और किसी प्रकार का आरोप भी नहीं लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि छात्रा के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शव पीएम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अगर तहरीर मिलती है, तो जांच की जाएगी।