संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के खैरी शीतल प्रसाद ग्राम पंचायत के बाढ़ व बूढ़ी राप्ती नदी के कटान से प्रभावित टोलों का निरीक्षण करने रविवार को क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने खैरी शीतल प्रसाद के टीकर-करौता पुल के पूर्वी छोर पर घोरही नदी के द्वारा किए जा रहे कटान स्थल का निरीक्षण किया।
गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने प्रशासन व सिंचाई विभाग के ड्रेनेज खंड द्वारा बाढ़ से बचाव के लिए कोई कार्य न करने का आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि अगर इस प्रकार की स्थिति बनी रही तो निश्चित ही वह दिन भी आएगा कि सभी टोलों के हजारों ग्रामीणों को प्रशासन द्वारा एयरलिफ्ट करना पड़ सकता है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री व जल शक्ति मंत्री को अधिकारी गुमराह कर रहे हैं। शनिवार जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जिले में आए, अधिकारी उन्हें खैरी शीतल प्रसाद, तौलिहवा, बसहिया आदि बाढ़ प्रभावित गांवों में न लें जाकर वहां ले गए जहां सब कुछ ठीक रहता है। इससे मंत्री को वास्तविक स्थिति के बारे में पता ही नहीं चल पाता है।