तुलसियापुर। शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय शोहरतगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वामी विवेकानंद इकाई और रानी लक्ष्मीबाई इकाई का एकदिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। गांधी नगर (वार्ड नंबर 10) और शिव नगर (वार्ड नंबर 9) में आयोजित इन शिविरों में छात्र-छात्राओं ने नागरिकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विविध गतिविधियां संचालित की गईं। गांधी नगर में कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. रामकिशोर सिंह ने किया जबकि शिव नगर में डॉ. एके सिंह ने संचालन किया।
छात्रों में सौरभ कुमार रावत, अजीत कुमार, अंकिता, चंपा, नीलू गौड़, निशा, निर्जला यादव सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित हाथ धोने, शुद्ध जल के उपयोग और संतुलित आहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य संबंधी नारे और स्लोगन भी प्रस्तुत किए गए। स्थानीय नागरिकों ने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज में जागरूकता फैलाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
डॉ. रामकिशोर सिंह और डॉ. एके सिंह ने कहा कि एनएसएस के स्वयंसेवक समाज के सच्चे प्रहरी हैं और युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक ताकत है। उनके प्रयासों से समाज में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का वातावरण बना है।