अब नदी में लाश फेंकने वालों पर रहेगी नजर
शव का विधिपूर्वक कराया जाएगा अंतिम संस्कार
नदी से सटे थानों को निर्देश, नियमित करते रहेंगे गश्त
नदी में लाशों के फेंके जाने के बढ़ते हुए मामले को देखते हुए एडीजी ने दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। अब नदी में लाश फेंककर भागने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। ऐसा करता हुआ पाए जाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायत की मदद से सहयोग शव का अंतिम संस्कार कराएगी। इसके लिए पुलिस नियमित क्षेत्र का भ्रमण करेगी। एडीजी के निर्देश के बाद सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि जिनके क्षेत्र में नदी है, वह नियमित भ्रमण करके जानकारी लेते रहेंगे।
कोरोना की दूसरी लहर के शुरू होने के बाद मौत के मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि कोरोना से मौत है कि नहीं इसके बारे में स्पष्ट नहीं है। नदियों में लगातार शव फेंके जाने और बहते हुए पाए जाने के मामले में सामने आ रहे हैं। इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने और शव का अंतिम संस्कार किया जाए न की उसे बहा दिया जाए। इसके लिए एडीजी कानून व्यवस्था की ओर से पत्र जारी किया गया। इसमें नदी के किनारे के थानों को निर्देश देते हुए कहा गया है कि इस पर निगरानी की जाए और अगर कोई बहाता हुआ पाया जाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायत की मदद से शव का विधिपूर्वक अंतिम संस्कार किया जाए। पुलिस मुख्यालय से पत्र आने के बाद संबंधित थानों को निर्देश दिया जा चुका है। एएसपी सुरेश चंद रावत ने बताया कि इस संबंध में पत्र आया है। सभी थानों को निर्देश किया गया है कि वह क्षेत्र का भ्रमण करके नदियों की निगरानी करते रहे।
अभी तक जिले में नहीं आया एक मामला
जिले में अभी तक लाश बहते हुए मिलने अथवा नदी में लाश को फेंके जाने का मामला प्रकाश में नहीं आया है। जबकि प्रदेश के अन्य जनपदों में इस प्रकार के मामले में सामने आ चुके हैं।