सिद्धार्थनगर। सीएमओ कार्यालय में लेन-देन की बातचीत का वीडियाे वायरल होने के बाद माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भी लेन-देन का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में बाहर से खिड़की के पास से बनाई गई है, जिसमें एक तीमारदार स्वास्थ्य कर्मी को रुपये देते हुए दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले को रिश्वतखोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
इस मामले में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके झा ने कहा कि उन्होंने वीडियो नहीं देखा है। यदि मेडिकल कॉलेज का वीडियो होगा तो मामले की जांच कर आरोपी स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कहीं कोई रुपये का लेन-देन कर रहा हो तो वह रिश्वत ही है। जांच से पहले यह कहना उचित नहीं है। जांच में दोनों पक्षों के बयान के बाद ही हकीकत सामने आएगी।