अब डीएनए जांच कराएगी पुलिस
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो पाया कि कंकाल महिला का था पुरुष का
जगजीवनपुर गांव के पोखरे में मिला था कंकाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जगजीवनपुर गांव के पोखरे में मिला कंकाल महिला का था या पुरुष का पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो सका। अब पुलिस शिनाख्त करने के लिए डीएनए जांच कराएगी।
तीन दिन पूर्व इटवा थानाक्षेत्र के जगजीवनपुर गांव के पोखरे में कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे। इसके लिए पंपिंगसेट लगाकर पोखरे से पानी निकाल रहे थे। इस दौरान पोखरे में एक मानव कंकाल मिला, उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि कंकाल महिला का है या फिर पुरुष का। चिकित्सकों की थ्योरी पर गौर करें तो मानव कंकाल मिलने के बाद उसके शरीर के कुछ हिस्सों का होना जरूरी है। बिना उन हड्डियों के यह पता लगा पाना मुश्किल होता है कि कंकाल नर का है या मादा का। इस मामले में भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। खोपड़ी और शरीर की कुछ ऐसी हड्डियां मिली थीं जो सामान्य तौर पर हर इंसान में होती हैं। इस वजह से पोस्टमार्टम में तस्वीर साफ नहीं हो पाई। अब पुलिस की आखिरी उम्मीद डीएनए जांच पर टिकी है। डीएनए जांच में महिला या पुरुष के साथ ही मौत की वजह, उम्र और कब मौत हुई ये सारे तथ्य जांच में सामने आ जाएंगे। इस बाबत एसओ इटवा वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल महिला का है या फिर पुरुष का। ऐसे में डीएनए जांच कराई जाएगी।