संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। सीडीओ जयेंद्र कुमार ने ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सभी पटल पर अभिलेखों का रख-रखाव एवं पत्रावली का अवलोकन किया। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में बीएमएम (ब्लॉक मिशन मैनेजर) अमित कुमार अनुपस्थित पाए गए। सहायक विकास अधिकारी आईएसबी को निर्देशित किया गय ा कि उन्हें नोटिस निर्गत करते हुए अवगत कराएं।
सीडीओ ने स्थापना पटल पर ग्राम पंचायत अधिकारी राम सिंह, ग्राम विकास अधिकारी राम स्वरूप गुप्ता का सर्विस बुक, जीपीएफ पासबुक का अवलोकन किया। इन कर्मचारियों के जीपीएफ पासबुक में विगत तीन माह का कोषागार बाउचर संख्या एवं दिनांक अंकित नहीं था, जिसे अंकित करने के निर्देश दिया गया।
जन शिकायत रजिस्टर, तहसील दिवस रजिस्टर एवं आरटीआई रजिस्टर का अवलोकन करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। स्थापना पटल से संबंधित अंधिकाश अभिलेख अपूर्ण पाए गए।
पटल सहायक को सचेत करते हुए निर्देशित किया गया कि 15 दिवस में उक्त अभिलेख पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। मनेरगा सेल में ग्राम पंचायत अलीदापुर में परैया गांव से मेन रोड तक चकमार्ग पर मिट्टी कार्य की पत्रावली का अवलोकन किया गया।
सीआईबी सहित पूर्ण कार्य का फोटो नहीं लगा पाया गया। मापन करने वाले एवं कार्य सत्यापित करने वाले अधिकारी का नाम एवं पदनाम सहित मुहर लगवाना के निर्देश दिये गये। सीडीओ ने बीडीओ को निर्देशित किया कि मनरेगा के तहत निर्धारित 8.4.9 के मानक एवं सभी पत्रावली में आवश्यक चेक लिस्ट के अनुसार अभिलेख संरक्षित किया जाए। निरीक्षण के समय बीडीओ यशोवर्धन सिंह उपस्थित रहे।