खाद और बीज में मिलावटखोरी रोकने के लिए चला अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। खाद और बीज में मिलावट की हकीकत जानने के लिए जिला कृषि अधिकारी ने शनिवार को बांसी में एसडीएम के साथ उर्वरक की दुकानों की जांच की। गड़बड़ी मिलने पर 10 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया किया गया। वहीं, मिलावटी के संदेह में 20 नमूने जांच के लिए भेजे गए।
बुआई का सीजन आते ही मिलावटी खाद और नकली बीज से बाजार पट जाता है। नकली बीज और खाद का प्रयोग करने वाले किसान बर्बाद होते हैं। मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए कृषि और राजस्व विभाग की टीम लगातार जांच अभियान चला रही है।
शनिवार को जिला कृषि अधिकारी मो. मुज्जमिल और एसडीएम बांसी प्रमोद कुमार ने क्षेत्र के उर्वरक की दुकानों की जांच की। इसमें खाद और बीज दोनों के नमूने लिए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, पांंचों तहसीलों की टीमों ने कुल 60 उर्वरक की दुकानों की जांच की।
इसमें मिलावटी के संदेह में 38 खाद और बीज के नमूने एकत्र करके जांच के लिए भेजे गए। इसके साथ ही गड़बड़ी मिलने पर 10 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तय समय पर जवाब नहीं देने पर लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी दी गई। साथ ही जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी कि अगर कहीं मिलावट की शिकायत मिली तो जांच करके केस दर्ज करवाया जाएगा।