आग लगी तो खुद को बुझाने को रहें तैयार
जिले मेें जरूरत के अनुरूप नहीं हैं फायर टेंडर व वाहन चालक
तहसील पांच, दो जगह है फायर ब्रिगेड कार्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। दिल्ली के फिल्मिस्तान इलाके में रविवार की भोर लगी भीषण आग ने 42 से अधिक लोगों की जान ले ली। इस प्रकार की भयावह घटना यहां न हो, जिसका विभाग की ओर से समुचित प्रबंध न होने के कारण बचाव प्रक्रिया की पूरी कमी देखी जा रही है। लिहाजा ऐसी घटना से यहां पर भी इनकार नहीं किया जा सकता।
जानकारी के मुताबिक जिले में आग से बचाव के लिए संसाधन की घोर कमी है। पांच तहसीलों में महज दो जगह फायर स्टेशन हैं। यहां भी प्रर्याप्त संसाधन नहीं है। जिले की आबादी 27 लाख से अधिक है। यहां दो नगर पालिका और चार नगर पंचायतेें हैं। इन स्थानों पर घनी आबादी है और सकरे रास्ते भी हैं। यहां आगलगी जैसी आपदाएं होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। 27 लाख की आबादी वाले इस जिले में आग से बचाव के इंतजाम नाकाफी है। जरूरत के अनुरूप संसाधन और चालक नहीं हैं। जबकि यहां हर वर्ष आग लगने से हजारों बीघा फसल जलकर नष्ट हो जाता है।
घटनाओं पर गौर करें तो 10 अप्रैल - 2017 को जिले के उसका थाना क्षेत्र के उसका में पटाखे की फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। इस घटना में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई थी। इसके अलावा भी आगजनी की कई घटनाएं हुई, जिसमें सबकुछ जलकर नष्ट हो गया। बावजूद इसके आग से बचाव के संसाधन नहीं हैं। अगर आग लगती है तो स्वयं बुझाने के लिए तैयार रहें।
पांच तहसील दो फायर स्टेशन
जिले में पांच तहसीलें हैं। नौगढ़, बांसी, शोहरतगढ़, इटवा व डुमरियागंज। मौजूदा समय में जिले की आबादी 27 लाख को पार कर चुकी है। मगर जनपद के सृजन के दौरान जो सुविधाएं थीं वही आज भी मौजूद है। आबादी बढ़ी, घटनाएं बढ़ीं, लेकिन संसाधान नहीं बढ़ा। नौगढ़ और डुमरियागंज तहसील के अलावा तीन अन्य तहसील फायर स्टेशन से अछूता है। आग लगती है तो यहीं से आग बुझाया जाता है। अगर तहसील स्तर पर फायर स्टेशन होता तो आग बुझाने में सहूलियत मिलती।
संसाधन का हाल
जिले में मौजूद समय में फायर के स्टेशन को पांच फायर टेंडर की जरूरत है, लेकिन मौजूदा समय में विभाग के पास महज दो बड़े वाहन हैं। इसके अलावा पांच छोटे वाहन हैं। इसमें एक पानी स्टोर करके चलता है, जबकि चार बिना पानी के चलते हैं। वहीं, चालकों की भी कमी है। यह घटना स्थल पर पहुंचकर तालाब, कुंआ व बोर से पानी भरते हैं। इसके बाद आग को बुझाते हैं।
आग लगे तो तत्काल दें सूचना
सीओ फायर एके सिंह ने बताया कि संसाधान की कमी है। मगर सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर टीम जाती है। आग को बुझाया जाता है। कम संसाधन में बेहतर काम करने का प्रयास किया जा रहा है। बशर्ते सूचना समय पर मिले। उन्होंने कहा कि आग लगने पर डायल-100 के बजाय हमारे नंबर सीयूजी नंबर नौगढ़ फायर स्टेशन 9454418810 और डुमरियागंज कार्यालय स्टेशन के 9454418812 पर सूचना दें। आग लगते ही सूचना दें जिससे विकराल होने से पहले बुझाया जा सके। इसमें लापरवाही भारी पड़ जाती है।