बिना खून का चल रहा मेडिकल कॉलेज का ब्लड बैंक
लोगों को जरूरत पड़ी तो जाना पड़ेगा गैर जनपद
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज का ब्लड बैंक शनिवार को पूरी तरह से रिक्त हो गया। इससे खून की जरूरत पड़ने वाले मरीजों को सेम ग्रुप का रक्तदाता ढूंढकर लाना पड़ रहा है। ग्रुप नहीं मिलने से दूसरे जिले में जाना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में पिछले एक माह से खून की कमी हैं, जबकि मार्च से मार्च तक 4773 लोगों ने खून दान किया था। बावजूद इसके ब्लड बैंक में पूरी तरह से खून खत्म हो गया। खून खत्म होने के बाद भी जिम्मेदार उसके प्रति ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे कई मरीजों को खून के लिए अन्य जिले में जाना पड़ रहा हैं। जबकि ब्लड बैंक में एक साथ 350 यूनिट खून रखने की क्षमता हैं। बावजूद इसके ब्लड बैंक को ही खून की कमी से एनिमिया हो गया हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार महीने में थैलेसिमिया, जेएसवाई के 16 मरीज मौजूद हैं। इन मरीजों को फ्री में खून देने का नियम हैं। जबकि किसी भी जगह पर यदि कैंप लगता हैं तो उसमें से 20 प्रतिशत ही कार्ड पर फ्री किया जाता हैं। लेकिन सच तो यह हैं कि ब्लड बैंक के सभी खून फ्री में बांट दिए गए। इससे वर्तमान समय में ब्लड बैंक में एक भी यूनिट खून नहीं बचा हैं।
ब्लड बैंक में खून की कमी को दूर करने के लिए जल्द ही कैंप का आयोजन किया जाएगा। कई रक्त दाता समूहों से खून दान करने के लिए कहा गया हैं।
-डॉ. एके झा, प्रभारी प्राचार्य