संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर-नौगढ़ मार्ग स्थित नौडिहवा गांव के पास सोमवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सड़क के नहर की पुलिया और डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
हादसे में कार सवार उपनिरीक्षक चंद्रशेखर प्रकाश सिंह और उनके भतीजे योगेश सिंह घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उपनिरीक्षक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
महराजगंज के नई कोट निवासी उपनिरीक्षक चंद्रशेखर प्रकाश सिंह (39) बहराइच में तैनात हैं। वर्तमान में वे सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन में प्रशिक्षु आरक्षियों को पढ़ाने का कार्य कर रहे थे। हादसे के समय वे भतीजे योगेश सिंह (28) के साथ निजी काम से अयोध्या से लौट रहे थे।
घटना स्थल पर बताया गया कि जैसे ही कार नौडिहवा गांव के पास पहुंची, एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार सड़क के निचले हिस्से में बनी नहर की पुलिया और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिवाइडर अपनी जगह से टूटकर नाले में गिर गया और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीचों-बीच रुक गई। हादसे के बाद मौके पर टक्कर मारने वाला वाहन नहीं मिला, इसलिए वाहन अज्ञात बताया जा रहा है।
हादसे में उपनिरीक्षक कार में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि उनके भतीजे योगेश सिंह के दाहिने हाथ में चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त में तैनात चौकी प्रभारी शुदोधन अमित चौधरी और नौगढ़ चौकी प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना पाकर मौके पर क्षेत्राधिकारी विश्वजीत शौर्य और सदर थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। चिकित्सकों के अनुसार उपनिरीक्षक के दोनों पैरों में कई फ्रैक्चर हुए हैं। फिलहाल दोनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।