तुलसियापुर। एसएसबी की 43वीं वाहिनी के धनौरा सीमा चौकी के जवानों ने बृहस्पतिवार को सीमा स्तंभ संख्या 558 के पास तीन बोरी यूरिया और एक साइकिल के साथ नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया। वह खाद लेकर भारत से नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था।
विज्ञापन
जवानों को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति साइकिल पर सामान लादकर नेपाल की ओर जा रहा है। इस पर जवानों ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। वह साइकिल और सामान छोड़कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नेपाल के कपिलवस्तु जिले के तौलिहवा थाना क्षेत्र के करेलिया गांव निवासी अकतर नाऊ के रूप में हुई। खाद के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर एसएसबी ने आरोपी और बरामद सामान को सीमा शुल्क विभाग, बढ़नी के सुपुर्द कर दिया।