भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का खेल लगातार जारी है। रविवार को तस्करी कर नेपाल ले जाई जा रही 12 बोरा चीनी बरामद की गई। संयुक्त मधेसी मोर्चा की शिकायत पर कपिलवस्तु जिले (नेपाल) की पकड़ी थाना पुलिस ने बस पर लदे बोरे बरामद किए। कोई तस्कर हत्थे नहीं चढ़ा।
भारत सीमा में कपिलवस्तु थाना पुलिस ने दो बोरी खाद पकड़ी। बाइक पर रखकर यह खाद नेपाल ले जाई जा रही थी। यहां भी तस्कर फरार हो गया। मधेसी आंदोलन के चलते अघोषित नाकेबंदी से नेपाल में रोजमर्रा के उपयोगी सामानों की किल्लत बढ़ती जा रही है। इसकी आड़ में तस्करी जोरों पर है।
रविवार को भारत से 12 बोरी चीनी खरीदकर तस्कर प्राइवेट बस के जरिए तस्कर नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र में ले जा रहे थे। संयुक्त मधेसी मोर्चा को इसकी भनक लग गई। उनकी सूचना के बाद कपिलवस्तु एसपी के निर्देश पर पकड़ी थाना पुलिस ने सेमरौटी के पास बस रोककर चीनी बरामद कर लिया।
एसपी विष्णु केसी के मुताबिक बरामद 12 बोरा चीनी का कोई वारिस नहीं मिला है। इसे कृष्णानगर भंसार कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया। भारत सीमा में जिले की कपिलवस्तु कोतवाली पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय ठकुरापुर के पास से बाइक पर रखकर नेपाल ले जाया जा रहा दो बोरी खाद बरामद की।
पुलिस टीम के पहुंचते ही तस्कर खाद लदी बाइक छोड़कर फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि खाद व बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। बाइक स्वामी की तलाश जारी है।